दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ इंग्लैंड की टेस्ट टीम के अगले मुख्य कोच बनने की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं। ब्रेंडन मैकुलम के पद छोड़ने के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) नए टेस्ट कोच की तलाश में जुट गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, द्रविड़ उन प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं, जिनके नाम पर बोर्ड गंभीरता से विचार कर रहा है।
डेली टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, राहुल द्रविड़ के अलावा पूर्व इंग्लैंड कोच एंडी फ्लावर, पूर्व ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच जस्टिन लैंगर भी इस पद की दौड़ में हैं। रविवार को ECB ने आधिकारिक तौर पर ब्रेंडन मैकुलम के टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से हटने की जानकारी दी थी, जिसके बाद नए कोच को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
राहुल द्रविड़ की शांत नेतृत्व शैली, खिलाड़ियों को निखारने की क्षमता और लंबी अवधि की रणनीति उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए मजबूत दावेदार बनाती है। उनके कार्यकाल में भारत ने 2024 का टी-20 विश्व कप जीता था, जबकि टीम 2023 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल तक भी पहुंची थी। इससे पहले भारत की अंडर-19 और ए टीम के साथ उनके काम की भी काफी सराहना हुई थी।
हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 53 वर्षीय द्रविड़ फिलहाल पूर्णकालिक कोचिंग की जिम्मेदारी लेने के इच्छुक नहीं हैं। माना जा रहा है कि टेस्ट टीम के साथ सीमित कार्यक्रम होने के कारण उन्हें परिवार के साथ अधिक समय बिताने का अवसर मिल सकता है। इसी वजह से ECB उनकी रुचि जानने का प्रयास कर सकता है।
उधर, एंडी फ्लावर को भी इस पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। उनके कोच रहते इंग्लैंड ने तीन एशेज सीरीज जीती थीं और टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल किया था। इसके अलावा रिचर्ड डॉसन, कुमार संगकारा और माइक हेसन के नाम भी चर्चा में हैं। ECB अगले साल होने वाली एशेज सीरीज से पहले नए टेस्ट कोच की नियुक्ति करना चाहता है।
