छत्तीसगढ़ में मुख्य सचिव बनने की रेस शुरू, सीएस जैन के सेवानिवृत्त होने से पहले इन दावेदारों के नाम पर चर्चा

रायपुर। मुख्य सचिव अमिताभ जैन के 30 जून को सेवानिवृत्त होने से पहले, छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक गलियारों में उनके उत्तराधिकारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस पद के लिए चार वरिष्ठ अफसरों के नाम सामने आए हैं। इनमें से तीन राज्य में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि एक लंबे समय से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं।
इस दौड़ में सबसे आगे मानी जा रही हैं रेणु गोनेला पिल्ले। उन्हें एक कुशल और सख्त प्रशासक के रूप में जाना जाता है। वर्तमान में वह विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की अपर मुख्य सचिव हैं, साथ ही व्यापमं और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही हैं। वह सबसे वरिष्ठ पात्र अधिकारी हैं, इसलिए उन्हें स्वाभाविक बढ़त मिलती दिख रही है।
रेणु पिल्ले को दबाव में न झुकने वाली अधिकारी के रूप में पहचाना जाता है। यही कारण है कि कुछ अवसरों पर उन्हें दरकिनार भी किया गया। हालांकि, जनवरी 2025 में जब मुख्य सचिव अमिताभ जैन एक सप्ताह की छुट्टी पर गए थे, तब उन्हें कार्यवाहक मुख्य सचिव बनाया गया था। जो सरकार के भरोसे का संकेत है। यदि उन्हें यह पद मिलता है, तो यह संदेश जाएगा कि सरकार किस तरह की नौकरशाही चाहती है।
सुब्रत साहू भी रेस में
दूसरे संभावित उम्मीदवार हैं सुब्रत साहू है। जो वर्तमान में धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं। उनके पास प्रशासन अकादमी के महानिदेशक और सहकारिता विभाग के एसीएस का अतिरिक्त प्रभार भी है। प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों ही हलकों में वे विश्वसनीय माने जाते हैं।
वहीं अमित अग्रवाल भी इस दौड़ में हैं, लेकिन 2016 से केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं। फिलहाल वे रसायन और उर्वरक मंत्रालय में फार्मास्यूटिकल्स विभाग के सचिव हैं। अगर उन्हें वापस बुलाकर सीएस बनाया गया, तो इसे केंद्र सरकार की भूमिका के संकेत के रूप में देखा जाएगा। हालांकि, राज्य से लंबे समय तक दूरी की वजह से उनकी वापसी को लेकर संदेह है।
चौथे नाम हैं मनोज कुमार पिंगुआ (IAS:1994:CG), जो गृह एवं जेल विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं। वरिष्ठता में पीछे होने के बावजूद उनकी स्पष्ट छवि और परिणामोन्मुखी कार्यशैली ने उन्हें इस दौड़ में गंभीर दावेदार बना दिया है।
हालांकि रेणु पिल्ले सबसे आगे मानी जा रही हैं, लेकिन अंतिम फैसला चौंका भी सकता है।