StateNewsChhattisgarh

रानी अहिल्याबाई होल्कर का शासन न्याय और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक: सीएम साय

रायपुर। पुण्यश्लोक रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास रायपुर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रानी अहिल्याबाई के शासन को प्रजा कल्याण, राष्ट्र निर्माण और न्याय का स्वर्ण युग बताया। उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने 30 वर्षों तक सुशासन दिया और काशी विश्वनाथ तथा सोमनाथ जैसे ऐतिहासिक मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर की महारानी होते हुए भी उन्होंने देशभर में धर्मशालाओं और मंदिरों का निर्माण कराया और रामराज्य की अवधारणा को साकार किया। उनका प्रशासनिक दृष्टिकोण आज भी प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने रानी अहिल्याबाई को धर्मसत्ता और न्याय की प्रतीक बताया। उन्होंने बताया कि रानी ने शासन में पारदर्शिता रखते हुए कभी राजकोष का दुरुपयोग नहीं किया और न्यायप्रियता की मिसाल कायम की यहां तक कि अपने पुत्र को भी सजा सुनाई।

संगोष्ठी में विधायक किरण देव, पूर्व उपाध्यक्ष नारायण चंदेल समेत कई विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया। धनकर समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को रानी अहिल्याबाई का तैलचित्र भेंट किया। बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, युवा और समाजसेवी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button