चार जिलों में दो दिन तक किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण; मेडिकल कॉलेज के ठेकेदार को नोटिस, लापरवाही पर ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़कों के रखरखाव और निर्माण कार्यों में लापरवाही पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में दो दिनों तक निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों के संधारण में लापरवाही और निर्माण की धीमी गति मिलने पर संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने, बैंक गारंटी जब्त करने और सुधार नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।
सचिव बंसल ने अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ जशपुर, मनोरा, सन्ना, बगीचा, कांसाबेल, पत्थलगांव, मैनपाट, दरिमा, राजपुर, प्रतापपुर और सूरजपुर सहित कई स्थानों पर सड़कों, पुल-पुलियों, कॉलेजों और अस्पतालों के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से समझौता और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं होगी।
दो सड़कों के ठेकेदारों पर कार्रवाई
सरगुजा में दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के निरीक्षण में संधारण अवधि के दौरान उचित रखरखाव नहीं मिलने पर ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने के लिए नोटिस जारी करने को कहा। सुधार नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। सोनतराई-मैनपाट मार्ग पर 1.20 किमी फोरलेन सड़क के लिए संशोधित प्राक्कलन तैयार करने को कहा।
मेडिकल कॉलेज के ठेकेदार को नोटिस
कमलेश्वरपुर कॉलेज भवन का भूतल स्लैब 15 दिसंबर तक 50 प्रतिशत और 15 जनवरी 2027 तक पूरा करने की समय-सीमा तय की गई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन का काम धीमा मिलने पर ठेकेदार को नोटिस देने के निर्देश दिए। निर्माण की निगरानी के लिए अभियंताओं की जिम्मेदारी भी तय की गई।
सूरजपुर और बलरामपुर में भी कामों की समीक्षा
सूरजपुर में बिशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग पर डामरीकरण तत्काल शुरू करने को कहा। 27 किमी लंबे तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर मार्ग का काम जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, बलरामपुर में 89 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बने 29.20 किमी लंबे राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का निरीक्षण किया। सचिव ने सभी कार्यों में गुणवत्ता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
