ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में IPS अधिकारियों को पदोन्नति

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों की पदोन्नति को लेकर आदेश जारी किए हैं। इस आदेश के तहत अलग-अलग बैच के कई अधिकारियों को उच्च पदों पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति के लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होने के बाद राज्य शासन ने औपचारिक आदेश जारी किए हैं।

2001 बैच: ADG पद पर पदोन्नति
राज्य कैडर के 2001 बैच के IPS अधिकारी डॉ. आनंद छाबड़ा को 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने के उपरांत अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस संबंध में भारत सरकार के गृह मंत्रालय से 6 जनवरी 2026 को स्वीकृति मिली थी।

2008 बैच: दो अधिकारियों को IG पद
आवंटन वर्ष 2008 के दो IPS अधिकारियों को पुलिस महानिरीक्षक (IG) के पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें प्रशांत कुमार अग्रवाल और मिलना कुर्रे शामिल हैं। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रशांत कुमार अग्रवाल को भविष्य में मिड करियर ट्रेनिंग फेज-IV में अनिवार्य रूप से भाग लेना होगा। दोनों अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे।

इसके अलावा, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत 2008 बैच की IPS अधिकारी नीथू कमल को 1 जनवरी 2026 से पुलिस महानिरीक्षक वेतनमान में प्रोफार्मा पदोन्नति दी गई है। इसी तरह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत दावुलुरी श्रवण को भी समान तिथि से IG वेतनमान में प्रोफार्मा पदोन्नति प्रदान की गई है।

2012 बैच: आठ अधिकारी DIG बने
आवंटन वर्ष 2012 के आठ IPS अधिकारियों को उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) के पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें विवेक शुक्ला, रजनेश सिंह, शशि मोहन सिंह, राजेश कुकरेजा, श्वेता राजमणी, राजेश कुमार अग्रवाल, विजय अग्रवाल और रामकृष्ण साहू शामिल हैं। इन पदोन्नतियों को भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने 6 और 9 जनवरी 2026 को स्वीकृति दी थी।

2013 बैच: चयन श्रेणी में पदोन्नति
आवंटन वर्ष 2013 के चार IPS अधिकारियों डॉ. अभिषेक पल्लव, मोहित गर्ग, भोजराम पटेल और यशपाल सिंह को चयन श्रेणी में पदोन्नत किया गया है। इसके अलावा, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत जितेंद्र शुक्ला (2013 बैच) को भी चयन श्रेणी में प्रोफार्मा पदोन्नति दी गई है।

Related Articles

Back to top button