अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में मां काली पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले एक प्रोफेसर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रोफेसर ने कॉलेज के एक व्हाट्सएप ग्रुप में अमर्यादित पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा – “काली माई से बड़ा शैतान कोई नहीं है।”
इस पोस्ट के सामने आने के बाद शहर में विरोध शुरू हो गया। हिंदू संगठनों ने प्रोफेसर के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। आरोपी प्रोफेसर का नाम एच.डी. महार है, जो पीजी कॉलेज में बॉटनी (वनस्पति विज्ञान) के सीनियर प्रोफेसर हैं। उन्होंने यह विवादित पोस्ट शुक्रवार की सुबह कॉलेज के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया।
पोस्ट वायरल होने के बाद माहौल गरम हो गया। कई संगठनों ने इसे देवी-देवताओं के अपमान से जोड़ते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्रोफेसर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 (धार्मिक भावनाएं भड़काने) के तहत मामला दर्ज किया। शनिवार को पुलिस ने प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया और उसी शाम उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए उन्हें सेंट्रल जेल अंबिकापुर में दाखिल करने का आदेश दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की जाएगी। वहीं, शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।