StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

प्रो. मनोज दयाल होंगे कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के नए कुलपति, राजभवन ने जारी किया आदेश

रायपुर। रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। प्रो. मनोज दयाल को विश्वविद्यालय का अगला कुलपति नियुक्त किया गया है। इस संबंध में राजभवन की ओर से आज औपचारिक आदेश जारी कर दिया गया।

प्रो. दयाल वर्तमान में हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में जनसंचार विभाग के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। उन्हें अकादमिक क्षेत्र में करीब 35 वर्षों का अनुभव है। वे 21 वर्षों से अधिक समय तक प्रोफेसर के पद पर रह चुके हैं और उनके मार्गदर्शन में 35 से अधिक शोधार्थियों ने पीएचडी पूरी की है। जनसंचार और मीडिया अध्ययन के क्षेत्र में उनकी कई पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी हैं।

शैक्षणिक जगत में प्रो. दयाल एक परिचित नाम हैं। उनकी नियुक्ति की खबर सामने आते ही उनके शिष्यों और समर्थकों में खुशी की लहर देखी गई। विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों को उनसे शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध गतिविधियों में नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

प्रो. दयाल को वैचारिक रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से जुड़ा माना जाता है। वे भारतीय शिक्षण मंडल से भी संबद्ध रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, उनकी नियुक्ति में संघ से जुड़े शिक्षाविदों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, आधिकारिक आदेश में केवल उनकी शैक्षणिक योग्यता और अनुभव का उल्लेख किया गया है।

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय राज्य का प्रमुख मीडिया शिक्षा संस्थान है। ऐसे में नए कुलपति के सामने शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध विस्तार, उद्योग से समन्वय और डिजिटल मीडिया के बदलते स्वरूप के अनुरूप पाठ्यक्रमों के आधुनिकीकरण जैसी चुनौतियां होंगी। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रो. मनोज दयाल अपने अनुभव और दृष्टि से विश्वविद्यालय को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं।

Related Articles

Back to top button