1 सितंबर से बदलेंगे LPG, CNG-PNG और कारों के दाम: Tata की गाड़ियां 25 हजार तक महंगी, विदेश यात्रा के नियम में भी बदलाव

1 सितंबर 2026 से देश में कई अहम बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इनका सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट, यात्रा और खरीदारी पर पड़ सकता है। LPG सिलेंडर की कीमतों से लेकर CNG-PNG और कारों के दाम तक में बदलाव संभव है। वहीं, कुछ जरूरी कामों की समय सीमा 31 अगस्त तक है।

LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव संभव

ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को LPG की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 सितंबर को घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर के दाम में बदलाव हो सकता है। अगस्त में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में ₹202 की कटौती की गई थी, जबकि घरेलू 14.2 किलो सिलेंडर के दाम स्थिर रहे थे।

LPG e-KYC कराना जरूरी

घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए e-KYC की समय सीमा 31 अगस्त 2026 तक है। समय पर e-KYC नहीं कराने पर सिलेंडर की सप्लाई या सब्सिडी से जुड़ी परेशानी हो सकती है। इसलिए उपभोक्ताओं को समय सीमा से पहले प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

CNG-PNG और हवाई सफर पर असर

सितंबर की शुरुआत में CNG और PNG की कीमतों में भी बदलाव संभव है। वहीं, ATF की कीमतों की मासिक समीक्षा के बाद इसका असर एयरलाइंस के खर्च और आगे चलकर हवाई किराए पर पड़ सकता है।

Tata की कारें ₹25 हजार तक महंगी

Tata Motors ने 1 सितंबर से अपनी कारों और SUV की कीमतों में ₹25 हजार तक बढ़ोतरी का ऐलान किया है। यह बढ़ोतरी ICE और इलेक्ट्रिक मॉडल पर लागू हो सकती है। मॉडल और वेरिएंट के अनुसार कीमत अलग होगी। Hyundai ने भी इस साल तीसरी बार कीमत बढ़ाने की घोषणा की है।

विदेश यात्रियों को मिलेगी राहत

1 सितंबर से विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए इमिग्रेशन प्रक्रिया आसान होने की उम्मीद है। रिपोर्ट के मुताबिक बोर्डिंग पास पर इमिग्रेशन स्टैंप की जरूरत नहीं होगी। इलेक्ट्रॉनिक या प्रिंटेड बोर्डिंग पास से प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

Exit mobile version