8 महीने में दूसरी बार छत्तीसगढ़ आएंगी राष्ट्रपति मुर्मू, अंबिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस में होंगी शामिल

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आठ महीने में दूसरी बार छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रही हैं। इस बार वे अंबिकापुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगी।
राष्ट्रपति सुबह 11 बजे वायुसेना के हेलिकॉप्टर से अंबिकापुर पहुंचेंगी, जहां पीजी कॉलेज मैदान में होने वाले भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल रामेन डेका करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव और अन्य मंत्री मौजूद रहेंगे।
अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति दो प्रमुख योजनाओं का शुभारंभ कर सकती हैं, जिनमें वैद्यों से जुड़ी परंपरागत उपचार योजना और मुख्यमंत्री जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना शामिल हैं। कार्यक्रम में जनजातीय नायकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों व जनजातीय प्रमुखों का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही क्राफ्ट मेला और जनजातीय विकास प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
राष्ट्रपति मुर्मू सरगुजा आने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति बनेंगी। इससे पहले 1952 में प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद यहां आए थे। इसी दौरान जिन 6 वर्षीय पंडो बच्चे को उन्होंने गोद में लेकर ‘बसंत’ नाम दिया था, वर्तमान में 80 वर्षीय बसंत पंडो से राष्ट्रपति मुर्मू विशेष मुलाकात करेंगी।
कार्यक्रम के पहले दिन आयोजित जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। इसके विजेताओं को सम्मान राष्ट्रपति के हाथों किया जाएगा।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी ने सुरक्षा की कमान संभाल ली है। दो हजार से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। सुबह 6 से दोपहर 3 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। शहर में 12 पार्किंग जोन बनाए गए हैं और कई स्कूलों-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।





