Chhattisgarhछत्तीसगढ़

राष्ट्रपति सम्मानित देवाशीष-मनतृप्त कौर ने की मुख्यमंत्री साय से मुलाकात, सीएम ने दी शुभकामनाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राष्ट्रपति रोवर-रेंजर अवार्ड से सम्मानित रोवर देवाशीष मखीजा और रेंजर मनतृप्त कौर संधू ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने दोनों युवा प्रतिभाओं को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है और युवाओं को प्रेरणा देने वाला है।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने 22 जुलाई को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के तीन प्रतिभागियों रोवर देवाशीष मखीजा, रेंजर मनतृप्त कौर संधू और गाइड कुसुम सिन्हा को अलग-अलग श्रेणियों में राष्ट्रपति रोवर-रेंजर अवार्ड से सम्मानित किया था। यह पुरस्कार चार वर्षों के अंतराल में पूरे देश से चयनित 16 प्रतिभागियों को प्रदान किया गया। इस बार छत्तीसगढ़ से तीन प्रतिभागियों का चयन होना राज्य के लिए गर्व का विषय है।

देवाशीष मखीजा ने बताया कि उन्हें इससे पूर्व तत्कालीन राज्यपाल अनुसुइया उइके द्वारा राज्यपाल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए गौरवपूर्ण क्षण है और राज्य के युवाओं को सेवा व समर्पण के प्रति प्रेरित करने वाली है।

Related Articles

Back to top button