आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में भारत का ऐतिहासिक कदम :सीएम साय

रायपुर। भारत के आर्थिक भविष्य को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला एक ऐतिहासिक क्षण सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और सशक्त नेतृत्व में संपन्न हुई ‘Mother of All Deals’ कही जाने वाली #IndiaEUTradeDeal भारत को वैश्विक मंच पर एक सशक्त आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित करने की दिशा में निर्णायक साबित होगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह युगांतरकारी समझौता भारत को ग्लोबल सप्लाई चेन का विश्वसनीय और प्रभावशाली केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इससे भारत की आर्थिक विश्वसनीयता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी तथा वैश्विक व्यापार में देश की भूमिका और प्रभाव बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि यह समझौता केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के करोड़ों युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा। रोजगार सृजन, निवेश, तकनीकी सहयोग और नवाचार को इससे नई गति मिलेगी, जिससे युवाओं के सपनों को साकार करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह डील विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत आधार प्रदान करेगी। वैश्विक सहयोग के साथ आगे बढ़ता भारत दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता और समृद्धि की ओर अग्रसर होगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए देशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।





