भिलाई में गर्भवती महिला से जांच के दौरान छेड़छाड़ का मामला,डॉक्टर फरार

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में गर्भवती महिला के साथ जांच के दौरान छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। नेहरू नगर स्थित डायग्नोस्टिक्स सेंटर में अल्ट्रासाउंड कराने पहुंची महिला ने आरोप लगाया कि डॉक्टर गिरीश वर्मा ने जांच के बहाने उसके प्राइवेट पार्ट को गलत तरीके से छूने की कोशिश की।
पीड़िता ने बताया कि गुरुवार (16 अक्टूबर) को वह रूटीन अल्ट्रासाउंड के लिए सेंटर गई थी। उस समय जांच कक्ष में कोई नर्स या महिला स्टाफ मौजूद नहीं था। डॉक्टर ने मशीन की आड़ में अनुचित हरकत की, जिससे महिला घबरा गई। जांच खत्म होने के तुरंत बाद पीड़िता ने अपने पति को पूरी घटना बताई और दोनों सुपेला थाना पहुंचे।
सुपेला थाना ने महिला की शिकायत पर डॉक्टर के खिलाफ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी डॉक्टर फिलहाल फरार है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सेंटर के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और मेडिकल जांच भी कराई जा रही है।
मामले ने शहर के मेडिकल संस्थानों में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है। डॉक्टर गिरीश वर्मा ने भिलाई के नेहरू नगर चौक स्थित चंदूलाल चंद्राकर हॉस्पिटल के पीछे इमाजेस लैब में कार्यरत हैं। यह घटना मेडिकल केंद्रों में मरीजों की सुरक्षा और स्टाफ के व्यवहार पर नए सिरे से चिंता पैदा कर रही है। पुलिस ने पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी है।