गौ संरक्षण जनभागीदारी से बनेगा जनआंदोलन: सीएम साय

‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान की शुरुआत
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गौ संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। जब हर परिवार गौसेवा और संरक्षण का संकल्प लेगा, तभी यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सकेगा।
सोमवार को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित गौ सेवा संगम एवं गौ विज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह में उन्होंने प्रदेशव्यापी ‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान का शुभारंभ किया।
साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान के पोस्टर का विमोचन कर गौ विज्ञान परीक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक खेती और पर्यावरण संरक्षण की आधारशिला है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेशभर के स्कूलों और कॉलेजों के 1.64 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने गौ विज्ञान परीक्षा में भाग लिया, जो नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति और वैज्ञानिक सोच के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत है।
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार गौ संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए लगातार कदम उठा रही है। पंजीकृत गौशालाओं में प्रति गाय चारे की सहायता राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है।
वहीं सुरभि गौधाम योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त गौधाम विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गोबर और गोमूत्र आधारित उत्पाद ग्रामीणों के लिए रोजगार का नया माध्यम बन रहे हैं और सरकार इनके प्रशिक्षण व उत्पादन को भी प्रोत्साहित करेगी।
मुख्यमंत्री ने बस्तर में एनडीडीबी के सहयोग से डेयरी विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अब इसका विस्तार अन्य पशुपालकों तक भी किया जाएगा। कार्यक्रम में गौ विज्ञान परीक्षा के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को क्रमशः 51 हजार, 31 हजार और 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।





