छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून की दस्तक, अगले तीन दिन तक बारिश और तेज हवाओं के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिण और मध्य हिस्सों में अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। यह बदलाव प्री-मानसून गतिविधियों के तहत हो रहा है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
बुधवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रहा। रायपुर में भी गुरुवार को हल्की बारिश के संकेत मिले हैं, साथ ही कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल बन रही हैं। अगले दो-तीन दिनों में यह मानसून दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।
इस बदलाव के पीछे एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी बिहार व उसके आसपास बना चक्रवाती हवा का क्षेत्र है, जिसका असर झारखंड, विदर्भ, तेलंगाना और रायलसीमा तक दिख रहा है। इन स्थितियों का प्रभाव छत्तीसगढ़ पर भी पड़ा है, जिससे अगले कुछ दिनों में प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।