ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

“सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी, युवा बदलेंगे भारत का भविष्य”: मंत्री टंक राम वर्मा

रायपुर। धमतरी स्थित बाबू छोटे लाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिक स्नेह सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अपने संबोधन में मंत्री वर्मा ने कहा कि सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी है और आज का युवा ही भारत का भविष्य गढ़ेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य इस लक्ष्य की आधारशिला हैं।

उन्होंने कहा कि विचारों की शक्ति व्यक्ति को सामान्य से असाधारण बना देती है। युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे नकारात्मकता से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार घोषणाओं से अधिक कार्यों में विश्वास रखती है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री वर्मा ने विद्यार्थियों के आग्रह पर छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोकगायक लक्ष्मण मस्तुरिया का लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक एवं नवाचार स्टॉलों का अवलोकन कर प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने धमतरी क्षेत्र में स्वीकृत प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी दी। प्राचार्य विनोद पाठक ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button