गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट आज खुलेंगे: चारधाम यात्रा की शुरुआत, केदारनाथ की डोली भी रवाना

दिल्ली। उत्तराखंड में आज से बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा की विधिवत शुरुआत हो रही है। इसकी शुरुआत गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगी। धार्मिक आस्था और उत्साह के बीच हजारों श्रद्धालु इन पवित्र धामों में दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं।

मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल मुखबा से रवाना होकर सुबह गंगोत्री धाम पहुंच चुकी है। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन जारी है। तय मुहूर्त के अनुसार दोपहर 12:15 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे और पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से कराई जाएगी।

वहीं, मां यमुना की डोली भी खरसाली गांव से पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रवाना हो चुकी है। डोली यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और शंखनाद से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। यमुनोत्री धाम में भी दोपहर 12:35 बजे कपाट खोले जाएंगे, जिसके बाद श्रद्धालुओं के दर्शन शुरू हो जाएंगे।

इधर, बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली भी अपने शीतकालीन गद्दी स्थल ऊखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो गई है। यह डोली विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए 21 अप्रैल तक धाम पहुंचेगी और 22 अप्रैल को केदारनाथ के कपाट खोले जाएंगे।

चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। मेडिकल कैंप, पुलिस व्यवस्था और ट्रैफिक मैनेजमेंट को मजबूत किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। पिछले साल 50 लाख से अधिक लोगों ने यात्रा की थी। इस बार भी रिकॉर्ड संख्या में रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। आस्था, परंपरा और उत्साह के बीच चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो गया है।

Exit mobile version