भूपेश बघेल की गिरफ्तारी पर सर्वे से सियासी बवाल: भिलाई में 6 सर्वे कर्मचारी पकड़े गए, कांग्रेस ने घेरा थाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की संभावित गिरफ्तारी से जुड़े एक कथित सर्वे को लेकर सियासी हंगामा मच गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गाजियाबाद स्थित कंपनी वाट्स इंडिया थिंक्स के 6 कर्मचारियों को पकड़ लिया, जो शहर में लोगों से सर्वे कर रहे थे। सर्वे में यह पूछा जा रहा था कि शराब घोटाला केस में भूपेश बघेल और उनके बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया जाना चाहिए या नहीं। इस पर कांग्रेसियों ने आपत्ति जताते हुए इसे साजिश करार दिया।

मामले की जानकारी मिलते ही भिलाई के भट्टी थाना क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। महापौर नीरज पाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर समेत कई वरिष्ठ नेता थाने पहुंचे। थाने के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जमा हो गए, जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि सर्वे के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

इस बीच भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि “अमित शाह जी, इन हथकंडों से मैं डरने वाला नहीं हूं।” बघेल ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ तमाम प्रयास विफल होने के बाद अब सर्वे कराकर माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में 70 टीमें लोगों से पूछ रही हैं कि उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए या नहीं।

भूपेश बघेल ने कहा कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का मजाक है और कानूनी कार्रवाई की जगह राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले महादेव सट्टा ऐप मामले में और अब शराब घोटाले में उन्हें घसीटने का प्रयास किया जा रहा है।

दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा का मकसद विपक्ष को फंसाना है। उन्होंने मांग की कि सर्वे करने वालों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Exit mobile version