ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पुलिस टीम पर हमला, सरकारी वाहन में तोड़फोड़

फरार आरोपी पकड़ने गई टीम पर पत्थरबाजी, 10 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी में पुलिस टीम पर हमला और शासकीय वाहन में तोड़फोड़ का गंभीर मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब पुलिस आबकारी एक्ट के एक प्रकरण में फरार आरोपी को पकड़ने गांव पहुंची थी।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम विजय मार्कण्डेय नामक आरोपी की तलाश में पचरी गांव गई थी। जैसे ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की, उसके परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और आरोपियों ने पुलिस के साथ अभद्रता शुरू कर दी।

आरोप है कि भीड़ ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और पत्थरबाजी भी की। इस हमले में पुलिस का शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान शुरू की और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एसडीओपी पिथौरा अजीत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस पर हमला और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है और आगे भी निगरानी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button