रेरा चेयरमैन संजय शुक्ला पर PMO सख्त: जांच के आदेश, CBI चार्जशीट के बाद बढ़ी मुश्किलें

रायपुर। छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) के चेयरमैन संजय शुक्ला के खिलाफ मामला अब गंभीर होता जा रहा है। CBI द्वारा चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने पूरे मामले की जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। जांच के लिए कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) और आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार, पीएमओ के निर्देश के बाद आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और शिकायतकर्ता को अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। चूंकि रेरा राज्य सरकार से जुड़ा निकाय है, इसलिए जांच की प्रक्रिया राज्य स्तर पर आगे बढ़ाई जाएगी।
बताया जा रहा है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेश चंद्र गुप्ता ने पीएमओ में शिकायत दर्ज कर संजय शुक्ला के कार्यकाल और उनके पिछले रिकॉर्ड पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि पहले भी कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
शिकायत में संजय शुक्ला पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जुटाने, बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग और न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांढ पर भी संरक्षण देने के आरोप लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि रावतपुरा मेडिकल कॉलेज घूस कांड में CBI पहले ही संजय शुक्ला के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इसके बावजूद अब तक राज्य सरकार ने उन्हें पद से नहीं हटाया है। हालांकि, पीएमओ के हस्तक्षेप के बाद इस मामले में जल्द कार्रवाई होने के संकेत मिल रहे हैं।





