पीएम मोदी का जन्मदिन… भाजपा चलाएगी सेवा पखवाड़ा अभियान

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा अभियान चलाएगी। इस दौरान छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में सेवा और समाजिक सरोकार से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। राजधानी दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में अभियान को लेकर हुई बैठक में इसकी रूपरेखा तय की गई।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक का यह अभियान सेवा, समर्पण और संगठनात्मक मजबूती पर केंद्रित रहेगा। नड्डा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का लक्ष्य रखना होगा।

बैठक में छत्तीसगढ़ से भी भाजपा की टीम शामिल हुई। इसमें प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, उपाध्यक्ष सतीश लाटिया, मंत्री जयंती पटेल, हर्षिता पांडेय और प्रकोष्ठ संयोजक अवधेश चंदेश मौजूद रहे। बैठक में तय हुआ कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और गरीब तबके तक योजनाओं का प्रचार-प्रसार जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।

प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक अवधेश चंदेश ने कहा कि सेवा पखवाड़ा सिर्फ औपचारिकता नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए यह मौका है कि वे समाज की सेवा और संगठन की मजबूती दोनों कर सकें। भाजपा नेताओं का मानना है कि इस अभियान से पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और जनता तक सीधा जुड़ाव बढ़ेगा।

छत्तीसगढ़ में भी सभी जिलों और मंडलों में सेवा पखवाड़ा को लेकर विशेष कार्यक्रम होंगे। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में जुड़कर इस अभियान को सफल बनाएं।

Exit mobile version