पेपर लीक पर बोले पीएम मोदी- दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा, राजनीति न हो; CJP का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन फिर शुरू

NDA संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री का संदेश, सोनम वांगचुक का अनशन जारी; संसद मार्च फिलहाल स्थगित

इ देशभर में पेपर लीक मामले को लेकर जारी आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा मिलेगी।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक के बाद इसकी जानकारी दी।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों के हितों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

इधर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मंगलवार सुबह से जंतर-मंतर पर अपना प्रदर्शन फिर शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों की बड़ी संख्या सुबह से ही जंतर-मंतर पहुंच गई।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभिजीत दीपके ने कहा कि सोमवार को संसद मार्च के दौरान पुलिस ने छात्रों के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया।

इसी कारण फिलहाल संसद मार्च नहीं निकाला जाएगा, लेकिन आंदोलन जारी रहेगा।

दीपके ने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने पुलिस कार्रवाई से आहत होकर अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि वांगचुक का अनशन समाप्त कराने की कोशिश की गई थी, लेकिन सोमवार की घटनाओं के बाद उन्होंने पीछे हटने से इनकार कर दिया।

सोमवार को जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई बार झड़प हुई थी।

दिल्ली पुलिस के अनुसार इस दौरान 90 से 100 पुलिसकर्मी और 50 से अधिक प्रदर्शनकारी घायल हुए।

हिंसा के मामले में अब तक 5 एफआईआर दर्ज की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

उधर, सांसद चंद्रशेखर आजाद ने संसद परिसर में धरना देते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।

वहीं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने और अस्पताल में भर्ती घायलों से मिलने की घोषणा की है।

पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन को लेकर सियासी सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है।

Exit mobile version