मन की बात में पीएम मोदी: AI समिट की सराहना, ऑर्गन डोनेशन और डिजिटल सुरक्षा पर जोर

दिल्ली। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड में देश और दुनिया से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा की।
उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित ग्लोबल AI इम्पैक्ट समिट का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें कई देशों के नेता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, इनोवेटर और टेक कंपनियों के दिग्गज शामिल हुए।
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने समिट में अपने तीन स्वदेशी AI मॉडल पेश किए, जिन्हें काफी सराहना मिली। एक प्रोडक्ट पशुओं की सेहत से जुड़ा था, जबकि दूसरे में AI की मदद से प्राचीन ग्रंथों जैसे सुश्रुत संहिता को डिजिटल रूप में संरक्षित करने की पहल दिखाई गई।
टी20 वर्ल्ड कप का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि कई देशों की टीमों में भारतीय मूल के खिलाड़ी खेल रहे हैं। कनाडा, अमेरिका, ओमान, इटली और यूएई जैसी टीमों में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की भागीदारी भारत के वैश्विक प्रभाव को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जहां भी जाते हैं, अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं।
प्रधानमंत्री ने देश में ऑर्गन डोनेशन की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने केरल की 10 माह की बच्ची के माता-पिता के अंगदान के निर्णय को प्रेरणादायक बताया। साथ ही हार्ट और किडनी ट्रांसप्लांट के सफल उदाहरण साझा कर कहा कि एक निर्णय कई जिंदगियां बचा सकता है।
डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी पर सावधान करते हुए पीएम ने नागरिकों से केवल अधिकृत माध्यमों से ही KYC अपडेट करने और निजी जानकारी साझा करने की अपील की।
उन्होंने कृषि क्षेत्र में नवाचार, केरल कुंभ के आयोजन, पूर्व मुख्यमंत्री J. Jayalalithaa को श्रद्धांजलि और छात्रों को परीक्षा के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखने का संदेश भी दिया। पीएम ने कहा कि मार्कशीट नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और मेहनत जीवन की असली पहचान है।





