पीएम किसान उत्सव: छत्तीसगढ़ के 24.71 लाख किसानों को मिलेगी सौगात

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 मार्च 2026 को असम के गुवाहाटी से देश के करोड़ों अन्नदाताओं के लिए खुशियों की नई सौगात लेकर आ रहे हैं।

इस राष्ट्रव्यापी ‘पीएम किसान उत्सव’ के दौरान प्रधानमंत्री डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से देश के लगभग 9.32 करोड़ किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त के रूप में 18,650 करोड़ रुपये हस्तांतरित करेंगे।

इस महत्वपूर्ण आयोजन से छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार 498 किसान सीधे लाभान्वित होंगे, जिनके खातों में कुल 498.83 करोड़ रुपये की राशि जमा की जाएगी।

छत्तीसगढ़ में इस योजना का विस्तार विशेष रूप से वंचित वर्गों तक किया गया है। राज्य के 2.92 लाख वन पट्टाधारी और 37,400 विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) के किसानों को भी इस योजना के दायरे में लाया गया है।

उल्लेखनीय है कि विशेष पिछड़ी जनजाति के किसानों को लाभान्वित करने के लिए सरकार ने कृषि भूमि की अनिवार्यता की शर्त को शिथिल किया है, जिससे समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को भी आर्थिक संबल मिल सके।

रायपुर के स्वामी विवेकानंद कृषि महाविद्यालय सहित प्रदेश की विभिन्न ग्राम पंचायतों में इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा, ताकि किसान सीधे इस उत्सव का हिस्सा बन सकें।

दिसंबर 2018 से शुरू हुई यह शत-प्रतिशत केंद्र पोषित योजना पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की सहायता प्रदान करती है।

यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में हर चार माह के अंतराल पर सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है। छत्तीसगढ़ में योजना की शुरुआत से अब तक किसानों को कुल 11,283 करोड़ 09 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

राज्य शासन की इस सक्रियता से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है, बल्कि खेती-किसानी के कार्यों में भी उन्हें समय पर मदद मिल रही है।

Exit mobile version