ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

वेतन नहीं देने पर प्लेसमेंट एजेंसी का ठेका निरस्त, सुरक्षा निधि जब्त

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम ने प्लेसमेंट के जरिए कार्यरत कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की है।

महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर निगम आयुक्त विश्वदीप ने सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से आदेश जारी कर मेसर्स अनशर्यान सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड (अमनपुर, जबलपुर) का ठेका निरस्त कर दिया है। साथ ही एजेंसी द्वारा जमा की गई सुरक्षा निधि की एफडीआर राशि भी राजसात कर ली गई है।

निगम के अनुसार, प्लेसमेंट के माध्यम से कार्यरत 57 कंप्यूटर ऑपरेटर और 2 स्टेनोग्राफर का दिसंबर 2025 का वेतन तय समय में नहीं दिया गया। कई बार पत्राचार और नोटिस के बावजूद वेतन लंबित रहा। निगम ने अनुबंध की शर्तों के तहत 5 तारीख तक भुगतान नहीं होने और ईपीएफ-ईएसआईसी चालान जमा नहीं करने पर पहले नोटिस जारी किया था।

इसके बाद 29 जनवरी 2026 को एजेंसी को दोपहर 12 बजे तक वेतन भुगतान कर RTGS विवरण और चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, लेकिन एजेंसी ने पालन नहीं किया। निगम ने एजेंसी पर गलत जानकारी देने का भी आरोप लगाया। निगम प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी को गंभीर मानते हुए एजेंसी का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त किया गया है।

Related Articles

Back to top button