राजधानी समेत कई शहरों में पेट्रोल-डीजल सप्लाई सामान्य, 10 मिनट में मिल रहा तेल

रायपुर। रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई अब सामान्य होने लगी है। पहले जहां पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही थीं, वहीं अब लोगों को 8 से 10 मिनट के भीतर फ्यूल मिल जा रहा है। पेट्रोल पंपों पर भीड़ कम होने से हालात पहले से बेहतर बताए जा रहे हैं।

देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद लोगों में अचानक घबराहट बढ़ गई थी। रायपुर में पेट्रोल का दाम 103.58 रुपए और डीजल 96.57 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं निजी कंपनियों, खासकर जियो के फ्यूल स्टेशनों पर कीमतों में करीब 5 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

कीमत बढ़ने और सप्लाई प्रभावित होने की चर्चाओं के चलते पिछले दो दिनों में कई पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवाते नजर आए। कुछ पंपों पर अस्थायी रूप से फ्यूल खत्म होने की स्थिति भी बन गई थी।

खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि प्रदेश में कुल 2516 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं। रायपुर में 326 में से 35 और बिलासपुर में 156 में से 9 पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से सप्लाई प्रभावित हुई थी। प्रशासन का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और अफवाहों के कारण अचानक मांग बढ़ गई थी।

डीजल के दाम बढ़ने का असर अब रोजमर्रा की चीजों पर भी पड़ सकता है। मालभाड़ा बढ़ने से सब्जियां, राशन और अन्य जरूरी सामान महंगे हो सकते हैं। वहीं बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी बढ़ोतरी की आशंका है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही ब्लैक मार्केटिंग की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

Exit mobile version