दिल्ली। राजधानी दिल्ली में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने का मामला सामने आया है।
भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर स्थित जनता विहार में बाइक जब्त करने से नाराज कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हमले का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार 22 अगस्त को करीब दोपहर 3 बजे बीट स्टाफ के हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक की जांच की। बाइक के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर नियमानुसार उसे जब्त कर थाने में जमा करा दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, बाइक जब्त किए जाने से नाराज बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ लोग करीब साढ़े तीन बजे पुलिसकर्मियों के पास पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई का विरोध करते हुए पहले पुलिसकर्मियों से विवाद किया।
देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और लाठी-डंडों से उनकी पिटाई शुरू कर दी।
अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला। मारपीट में तीन जवान घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात जवानों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने राजधानी में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
