NASA के मिशन में जाएंगे भारतवंशी अनिल मेनन, अंतरिक्ष में रचेंगे नया इतिहास

दिल्ली। भारत के लिए एक और गर्व का पल आने वाला है। भारतीय मूल के अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री डॉ. अनिल मेनन को नासा ने उनके पहले अंतरिक्ष मिशन पर भेजने की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
नासा के अनुसार, डॉ. अनिल मेनन जून 2026 में रूसी अंतरिक्ष एजेंसी Roscosmos के सोयूज MS-29 यान से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए उड़ान भरेंगे। इस मिशन में वे फ्लाइट इंजीनियर और Expedition 75 के क्रू सदस्य के रूप में शामिल होंगे।
इस अभियान में अनिल मेनन के साथ रूस के दो अनुभवी अंतरिक्ष यात्री प्योत्र डुबरोव और अन्ना किकीना भी होंगे। ये टीम कजाखस्तान के बैकानूर लॉन्च स्टेशन से रवाना होगी और लगभग 8 महीने तक अंतरिक्ष स्टेशन में वैज्ञानिक शोध और तकनीकी प्रयोग करेगी।
डॉ. मेनन को साल 2021 में नासा के लिए चुना गया था और उन्होंने 2024 में 23वें एस्ट्रोनॉट क्लास से ट्रेनिंग पूरी की। उनके माता-पिता भारतीय हैं, इसलिए यह मिशन भारत के लिए भी गर्व का विषय है। हाल ही में इंडियन एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष गए थे। अब डॉ. अनिल मेनन की यह उड़ान भारतीय समुदाय के लिए एक और बड़ी उपलब्धि होगी।