हिंदी पत्रकारिता के 200 साल पूरे होने पर होगा “पत्रकारिता मार्तण्ड उत्सव”, मुख्यमंत्री ने किया पोस्टर विमोचन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सोमवार को उनके निवास कार्यालय में रायपुर प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 30 मई को आयोजित होने वाले “पत्रकारिता मार्तण्ड उत्सव” में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आमंत्रण के लिए प्रेस क्लब का आभार जताते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने “पत्रकारिता मार्तण्ड उत्सव” के पोस्टर का विमोचन भी किया।

प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बताया कि यह आयोजन हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका और पत्रकारिता के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में प्रदेश और देश के वरिष्ठ पत्रकार, संपादक, मीडिया विशेषज्ञ, साहित्यकार और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।

उत्सव के दौरान पत्रकार सम्मान समारोह, विचार गोष्ठी, विशेष व्याख्यान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन को लेकर पत्रकार जगत में उत्साह का माहौल है। प्रेस क्लब पदाधिकारियों के मुताबिक यह कार्यक्रम पत्रकारिता के इतिहास और वर्तमान चुनौतियों पर गंभीर चर्चा का मंच बनेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समाज और शासन के बीच संवाद स्थापित करने में मीडिया हमेशा से अहम माध्यम रहा है। उन्होंने हिंदी पत्रकारिता की 200 वर्ष की यात्रा को लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक चेतना का महत्वपूर्ण अध्याय बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष गौरव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Exit mobile version