पादरी बजिंदर सिंह को उम्रकैद, मोहाली कोर्ट ने सुनाई सजा; अब पूरी जिंदगी रहेगा जेल में

मोहाली। मोहाली की अदालत ने पादरी बजिंदर सिंह को एक महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में उम्रभर की सजा सुनाई है। कोर्ट ने कहा कि बजिंदर सिंह को अब अपनी पूरी जिंदगी जेल में ही बितानी होगी।
यह मामला तब सामने आया था जब महिला ने पादरी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। महिला ने आरोप लगाया था कि पादरी ने उसे झांसा देकर और विश्वास का फायदा उठाकर यह अपराध किया। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने पादरी बजिंदर सिंह को दोषी ठहराया और उसे उम्रकैद की सजा सुनाई। इस सजा के बाद पादरी बजिंदर सिंह अब अपनी बाकी की जिंदगी जेल में ही बिताएगा। अदालत ने इस मामले में न्याय सुनिश्चित करते हुए आरोपी को सजा दी है।
एयरपोर्ट से किया गया था गिरफ्तार
पुलिस ने पादरी बजिंदर सिंह को उस समय गिरफ्तार किया था, जब इंग्लैंड के बर्मिंघम शहर में करवाए जा रहे एक सेमिनार में शामिल होने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट लेने के लिए पहुंचा था। पादरी बजिंदर सिंह का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें वह महिला से मारपीट कर रहा है। यह वीडियो 14 फरवरी का था, जो 16 मार्च को वायरल हुआ था, जिसमें महिला को थप्पड़ जड़ते हुए पादरी नजर आया था। इसी वीडियो में बच्चे के साथ बैठी महिला के मुंह पर पादरी ने कॉपी फेंक कर मारी थी। यह महिला पादरी के पास काम करती थी।
पीड़िता बोली अदालत के फैसले से खुश
पीड़िता ने कहा कि अदालत के इस फैसले से मैं बहुत खुश हूं। यह मेरी अकेले की जीत नहीं है। आज कई लड़कियों (पीड़ितों) ने जीत हासिल की है। अब कई लोग सामने आएंगे। बहुत सारी लड़कियां और लड़के भी बजिंदर सिंह के कब्जे से आजाद होंगे। इस फैसले से मैं खुश हूं। पीड़िता ने डीजीपी पंजाब से अनुरोध किया है कि मुझे और मेरे पति को सुरक्षा दी जाए। क्योंकि आने वाले समय में हम पर हमले हो सकते हैं। इसलिए हमारी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इतना ही नहीं मेरे और परिवार पर कई झूठे मामले भी दर्ज हो सकते हैं, क्योंकि ऐसे कई केस पहले भी हमारे खिलाफ दर्ज करवाए गए हैं।