रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा: इंडिगो फ्लाइट्स देर से, कई कैंसिल स्टेटस अपडेट नहीं

रायपुर।रायपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार देर रात और शुक्रवार सुबह इंडिगो की उड़ानों में लगातार देरी और कैंसिलेशन से यात्रियों का सब्र टूट गया। बैंगलोर, दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई जाने वाले यात्रियों ने भारी हंगामा करते हुए एयरलाइन प्रबंधन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। सैकड़ों यात्री घंटों से एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, कई फ्लाइट्स का स्टेटस बार-बार बदल रहा है। कुछ उड़ानें बिना किसी पूर्व सूचना के कैंसिल कर दी गईं। यात्रियों का कहना है कि एयरलाइन की ओर से समय पर कोई अपडेट नहीं दिया जा रहा। इंडिगो ग्राउंड स्टाफ भी स्पष्ट जानकारी देने में असमर्थ है, जिससे यात्रियों का गुस्सा और बढ़ गया है।
इंडिगो टिकट काउंटर के बाहर यात्रियों की बड़ी भीड़ जमा हो गई। कई लोग सुबह से ही एयरपोर्ट पर हैं और उन्हें यह नहीं बताया जा रहा कि उनकी फ्लाइट आखिर कब उड़ेगी। कुछ यात्रियों ने बताया कि वे चेक-इन के बाद ही फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिली। इस कारण काउंटर पर कई बार यात्रियों और कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
वेटिंग एरिया में भीड़ लगातार बढ़ रही है। बच्चों और बुजुर्गों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि उन्हें न तो वैकल्पिक उड़ान उपलब्ध कराई गई और न ही भोजन, पानी या रहने की व्यवस्था की गई।
इंडिगो की दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद की उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि इंदौर, चेन्नई और बैंगलोर रूट की उड़ानों में भी लंबी देरी जारी है। फिलहाल एयरपोर्ट पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। नाराज यात्रियों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें जल्द समाधान नहीं मिला, तो प्रदर्शन और उग्र हो सकता है।



