सीएम साय से मास्टर एथलीट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रतिभागियों ने की सौजन्य भेंट

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से छत्तीसगढ़ विधानसभा कार्यालय कक्ष में मास्टर एथलीट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रतिभागियों के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। यह प्रतिनिधिमंडल 5 से 9 नवंबर, 2025 को चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में भाग लेकर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का था।
प्रतियोगिता में भिलाई, बिलासपुर, महासमुंद और बस्तर के खिलाड़ियों ने भाग लिया और विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक और पुरस्कार प्राप्त किए। मुख्यमंत्री साय ने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाएं। उन्होंने खेलों में युवाओं की भागीदारी और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण तथा सुविधा विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता मिलने में मदद मिले।





