AIADMK से निष्कासित पन्नीरसेल्वम DMK में शामिल, मुख्यमंत्री स्टालिन ने दिलाई सदस्यता

दिल्ली। तमिलनाडु की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिला। पूर्व मुख्यमंत्री और AIADMK से निष्कासित नेता ओ पन्नीरसेल्वम (OPS) ने सत्तारूढ़ DMK का दामन थाम लिया।
उन्होंने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर DMK के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री भी मौजूद रहे। पन्नीरसेल्वम का यह कदम आगामी अप्रैल-मई में संभावित तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले बेहद अहम माना जा रहा है।
OPS तमिलनाडु के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं और वे दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता के बेहद करीबी माने जाते थे। जयललिता के निधन के बाद AIADMK में नेतृत्व को लेकर अंदरूनी संघर्ष तेज हो गया था।
इसी दौरान OPS और एडप्पाडी के पलानीस्वामी (EPS) के बीच पार्टी की कमान को लेकर विवाद बढ़ा, जिसके चलते साल 2022 में पन्नीरसेल्वम को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
DMK में शामिल होने के बाद पन्नीरसेल्वम ने कहा कि वे तमिलनाडु के विकास, सामाजिक न्याय और जनता की भलाई के लिए मुख्यमंत्री स्टालिन के नेतृत्व में काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि DMK सरकार ने राज्य में कई जनहितकारी योजनाएं शुरू की हैं और वे इस विकास यात्रा में अपना योगदान देना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री स्टालिन ने OPS का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और राजनीतिक समझ से पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि पन्नीरसेल्वम के आने से DMK का जनाधार और मजबूत होगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि OPS के DMK में शामिल होने से राज्य की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं। इससे AIADMK को झटका लग सकता है, जबकि DMK को चुनावी रणनीति में मजबूती मिलने की संभावना है। OPS का यह कदम आगामी विधानसभा चुनाव को और भी रोचक बना सकता है।





