ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री: SCO फोरम में करेंगे शिरकत, मोदी आज पुराना किला में करेंगे उद्घाटन

दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत पहुंचा है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंचे। वे 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में फोरम का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसका आयोजन केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय संयुक्त रूप से कर रहे हैं।

25 देशों को भेजा न्योता, 15 ने दी सहमति

भारत ने इस फोरम में शामिल होने के लिए 25 देशों को निमंत्रण दिया था। इनमें से 15 देशों ने भागीदारी की पुष्टि की है। चीन, ईरान, कजाकिस्तान, नेपाल, सऊदी अरब, श्रीलंका, बेलारूस और उज्बेकिस्तान सहित कई देश इसमें शामिल होंगे।

भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को आमंत्रित किया था, लेकिन पाकिस्तान ने उनकी जगह जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक को भेजा है।

मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा है।

पुराना किला में दिखेगी 3,200 साल पुरानी विरासत

फोरम के दौरान पुराना किला में ‘अस्तित्व- द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस’ प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक दिल्ली के इतिहास को पुरातात्विक अवशेषों और कलाकृतियों के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा। मौर्यकालीन मूर्तियां, राजपूतकालीन प्रतिमाएं, प्राचीन सिक्के, बर्तन और महाभारत से जुड़ी दुर्लभ कलाकृतियां भी दिखाई जाएंगी।

SCO फोरम और सुरक्षा व्यवस्था के कारण पुराना किला 18 से 22 नवंबर तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। फोरम का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच साझा सभ्यता, संस्कृति और मानवीय मूल्यों को लेकर संवाद बढ़ाना है।

↑
Exit mobile version