दिल्ली। अरब सागर में फंसे एक भारतीय जहाज की मदद कर पाकिस्तान ने मानवीय पहल का उदाहरण पेश किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान नौसेना ने पाकिस्तानी मैरीटाइम सिक्योरिटी एजेंसी के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और जहाज पर सवार क्रू को राहत पहुंचाई।
बताया गया कि ‘एमवी गौतम’ नाम का यह जहाज अरब सागर में तकनीकी खराबी के कारण बीच समुद्र में फंस गया था। यह जहाज ओमान से भारत की ओर आ रहा था। जहाज में छह भारतीय और एक इंडोनेशियाई नागरिक सवार थे, जो कई घंटों तक समुद्र में फंसे रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मैरीटाइम रेस्क्यू एंड कोऑर्डिनेशन सेंटर, मुंबई की ओर से पाकिस्तान से मदद मांगी गई। इसके बाद पाकिस्तानी एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जहाज तक पहुंच बनाई।
रेस्क्यू टीम ने क्रू को खाने-पीने का सामान उपलब्ध कराया, साथ ही मेडिकल सहायता भी दी। इसके अलावा जहाज में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए इंजीनियरिंग सपोर्ट भी दिया गया, जिससे क्रू को बड़ी राहत मिली।
इससे पहले भी पाकिस्तान नौसेना समुद्र में फंसे लोगों की मदद कर चुकी है। पिछले महीने ही एक व्यापारी जहाज से 18 लोगों को सुरक्षित बचाया गया था, जिनमें कई विदेशी नागरिक शामिल थे।
समुद्री सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय समुद्री नियमों के तहत समुद्र में संकट में फंसे किसी भी जहाज या व्यक्ति की मदद करना सभी देशों की जिम्मेदारी होती है। इस तरह की घटनाएं दिखाती हैं कि तनावपूर्ण रिश्तों के बावजूद मानवीय आधार पर सहयोग संभव है।
