बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू, किसानों में उत्साह तीसरे दिन कोचेरा में 411 और कोबा में 360 क्विंटल खरीद

रायपुर। राज्य शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना के तहत बालोद जिले में धान खरीदी कार्य तेजी और व्यवस्थित तरीके से जारी है। जारी किए गए टोकन के आधार पर किसान प्रतिदिन सुबह से ही अपने-अपने केंद्रों में पहुंचकर धान विक्रय की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। तीसरे दिन 18 नवंबर को भी केंद्रों में सुबह से ही किसानों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई।
डौंडी लोहारा विकासखंड के कोचेरा केंद्र में आज 411 क्विंटल से अधिक धान खरीदा गया, जिसमें 272.80 क्विंटल पतला और 138.40 क्विंटल मोटा धान शामिल है। ग्राम दुपेचरा के कृषक चोवाराम ने 18 क्विंटल मोटा धान बेचा। ग्राम कोचेरा के कृषक दौलतराम ने 254 क्विंटल पतला धान, दिलीप कुमार ने 110 क्विंटल, जामबाई ने 58 क्विंटल, मुरलीराम ने 125 क्विंटल, तानूराम ने 135 क्विंटल पतला धान विक्रय किया। इसके अलावा नरोत्तम कुमार ने 30 क्विंटल मोटा व कुमेश्वर कुमार ने 100 क्विंटल पतला धान की बिक्री की।
इसी तरह कोबा केंद्र में आज 360 क्विंटल से अधिक धान खरीदा गया, जिसमें 316 क्विंटल मोटा और 44 क्विंटल पतला धान शामिल है। दोनों केंद्रों पर किसानों ने सुचारू व्यवस्था की सराहना की। धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए नोडल अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर सभी केंद्रों में पेयजल, छाया, बैठने की सुविधा, शौचालय और अन्य आवश्यक इंतजाम समय रहते सुनिश्चित किए गए हैं।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार राजस्व विभाग के अधिकारी, खाद्य व सहकारिता विभाग के कर्मचारी तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारी नियमित रूप से केंद्रों में पहुंचकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। बालोद जिले में धान खरीदी का व्यवस्थित संचालन प्रशासन की सक्रियता और सतत निगरानी का परिणाम है।





