मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। मानपुर ब्लॉक के औंधी (नवागांव) उप वन परिक्षेत्र के निडेली गांव में बाघ ने खेत में चर रहे एक बैल पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बैल का वन विभाग ने उपचार कराया, लेकिन अधिक चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ाते हुए ट्रैप कैमरे लगाए हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जानकारी के अनुसार किसान दसरू राम खेत में जोताई कर रहा था, तभी खेत से कुछ दूरी पर मौजूद उसके बैल पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। हमले के बाद बाघ जंगल की ओर भाग गया। मौके पर पहुंचे वन अमले को बाघ के पगमार्क भी मिले, जिससे उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई।
घटना की जांच के दौरान गश्त कर रहे वनकर्मियों का भी बाघ से आमना-सामना हो गया। बताया गया कि बाघ काफी करीब तक पहुंच गया था, लेकिन वनकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मृत मवेशी के पास ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक वर्ष में औंधी क्षेत्र में कई बार बाघ देखा जा चुका है। निडेली गांव के आसपास बीते दो महीनों में यह तीसरी घटना है, जब बाघ ने मवेशियों को अपना शिकार बनाया है। एक ग्रामीण ने बताया कि उसने खेत के पास पत्थर पर बैठे बाघ को देखा और शोर मचाकर तथा कुत्तों की मदद से उसे जंगल की ओर खदेड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही वन मंडलाधिकारी दिनेश पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित किसान से मुलाकात कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और लोगों से जंगल की ओर अकेले न जाने तथा सतर्क रहने की अपील की है।
