गुजरात। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने देश के बंटवारे के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। गुजरात के लिंबायत में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत के विभाजन के लिए मुसलमान नहीं, बल्कि कांग्रेस जिम्मेदार है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी को रोकने का दम सिर्फ उनकी पार्टी All India Majlis-e-Ittehadul Muslimeen (AIMIM) में है।
ओवैसी ने अपने भाषण में कहा कि वोट एक अमानत है और इसका इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए। उन्होंने खासतौर पर युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अगर समाज को अपनी आवाज बुलंद करनी है, तो अपना मजबूत नेतृत्व तैयार करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि केवल कांग्रेस को वोट देने से भाजपा को नहीं रोका जा सकता।
देश के बंटवारे पर बोलते हुए ओवैसी ने मौलाना अबुल कलाम आजाद की किताब इंडिया विन्स फ्रीडम का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आजाद ने अपने लेखन में स्पष्ट किया था कि वे महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू से मिले थे और विभाजन रोकने की अपील की थी। ओवैसी के अनुसार, आम मुसलमान कभी भी देश के बंटवारे के पक्ष में नहीं था।
ओवैसी ने अपने ऊपर लगने वाले ‘बीजेपी की बी-टीम’ के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने विपक्षी दलों से सवाल करते हुए कहा कि जब उनकी पार्टी कुछ ही सीटों पर चुनाव लड़ती है, तो बाकी सीटों पर बड़ी पार्टियां भाजपा को क्यों नहीं हरा पातीं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी कमजोरियों पर ध्यान देना चाहिए। ओवैसी के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है और आने वाले चुनावों में इसका असर देखने को मिल सकता है।
