बाबा गुरु घासीदास जी के बताए मार्ग पर काम कर रही हमारी सरकार: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को बाबा गुरु घासीदास जी की जन्मभूमि एवं तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में आयोजित तीन दिवसीय संत समागम एवं गुरुदर्शन मेले में शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने पूज्य गुरुगद्दी का दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश मानवता, समानता और भाईचारे का प्रतीक है, जिस पर हमारी सरकार पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी के बताए मार्ग पर चलकर राज्य में समरसता, सद्भाव और सामाजिक समानता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गिरौदपुरी धाम के सतत विकास के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
यहां विशाल जैतखाम के निर्माण सहित श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा मेले में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से श्रद्धालु मेले में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्य मंदिर का प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया। उनके हाथों प्रसाद पाकर स्थानीय श्रद्धालु एवं स्व-सहायता समूह की महिलाएं विशेष रूप से उत्साहित नजर आईं।
उल्लेखनीय है कि गिरौदपुरी में आयोजित यह तीन दिवसीय संत समागम एवं गुरुदर्शन मेला 22 फरवरी से 24 फरवरी 2026 तक चलेगा, जिसमें प्रदेश सहित देश और विदेश से भी सतनाम पंथ के अनुयायी बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।
कार्यक्रम में धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, राजिम विधायक रोहित साहु, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, डीएफओ गणवीर धम्मशील, पूर्व सांसद गुहा राम अजगले, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





