ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है हमारी सरकार: सीएम साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संकल्प को दोहराया है। सोमवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में चिकित्सक संगठनों और मेडिकल छात्राओं ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात कर छत्तीसगढ़ को डीएम कार्डियोलॉजिस्ट (DM Cardiologist) की 2 नई सीटें मिलने पर उनका आभार व्यक्त किया।

चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में मेडिकल शिक्षा के विस्तार का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश में कभी मात्र एक मेडिकल कॉलेज हुआ करता था, जहाँ सीटों की संख्या 100-150 तक सीमित थी। आज राज्य में 14 मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं, जिनमें लगभग 1400 सीटें उपलब्ध हैं। इसके साथ ही फिजियोथेरेपी और नर्सिंग जैसे उच्च शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

मेडिको सिटी से बदलेगी सेहत की तस्वीर

मुख्यमंत्री सीएम साय ने भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नवा रायपुर में ‘मेडिको सिटी’ की स्थापना की जा रही है। यहाँ अत्याधुनिक सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल विकसित किए जाएंगे, जिससे प्रदेशवासियों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें घर के पास ही विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।

बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य केवल बड़े अस्पताल बनाना नहीं, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ उच्चस्तरीय सेवाएं सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर तुलसी कौशिक, डॉ. देवेंद्र कश्यप और जूडो (JUDA) के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र-छात्राएं उपस्थित थे, जिन्होंने सरकार के इस विजन की सराहना की।

Related Articles

Back to top button