ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

समाज के संगठित और जागरूक होने से विकास को मिलती है मजबूती : सीएम साय

अन्नदाता भाइयों-बहनों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री
कोसमनारा में सामुदायिक भवन विस्तार हेतु 50 लाख रुपये की घोषणा

रायगढ़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कोसमनारा धाम में आयोजित स्थापना दिवस एवं शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जब समाज संगठित और जागरूक होता है, तब विकास को वास्तविक मजबूती मिलती है। साहू समाज की एकजुटता, शिक्षा और समर्पण प्रदेश के सामाजिक और आर्थिक उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में समाज की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले 25 लाख से अधिक किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली से पूर्व एकमुश्त दी जाएगी। इसके तहत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में अंतरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अन्नदाता भाइयों-बहनों की समृद्धि ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसानों के परिश्रम का सम्मान करना सरकार का संकल्प है।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने श्री श्री 108 सत्यनारायण बाबा जी एवं भक्त माता कर्मा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि बाबा सत्यनारायण की 28 वर्षों की तपस्या समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और यह धाम आस्था, समरसता और भाईचारे का प्रतीक बन चुका है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोसमनारा स्थित कर्मा साहू सामुदायिक भवन के विस्तार के लिए 50 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से प्रदेशवासियों को प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।

समारोह में समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई विभूतियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button