ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती: दुर्ग में पुलिस की रेड, डेढ़ से दो एकड़ में फसल; पार्टी ने किया निलंबित

दुर्ग। दुर्ग जिले में मक्के की फसल की आड़ में अफीम की खेती का मामला सामने आया है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद 6 मार्च को जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के समोदा गांव में छापेमारी की गई। जांच के दौरान खेत में मक्के के बीच अफीम के पौधे पाए गए। शुरुआती जांच में करीब डेढ़ से दो एकड़ जमीन पर अफीम की खेती होने की पुष्टि हुई है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है।

जानकारी के अनुसार यह खेत समोदा और झिंझरी गांव की सीमा पर स्थित है। खसरा नंबर 310 की इस जमीन के मालिक मधुमति ताम्रकर और प्रीतिबाला ताम्रकर बताए जा रहे हैं। कुल करीब 9 एकड़ 92 डिसमिल जमीन वाले इस खेत में लगभग 4 से 5 एकड़ क्षेत्र में मक्के की फसल लगी हुई है और उसी के बीच अफीम के पौधे उगाए गए थे, ताकि किसी को शक न हो।

सूचना मिलने पर पुलिस ने एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा के निर्देश पर विशेष टीम बनाकर मौके पर छापेमारी की। पुलिस और प्रशासन की टीम ने खेत का निरीक्षण किया और फसल के सैंपल भी लिए। अंधेरा होने के कारण कार्रवाई बीच में रोकनी पड़ी, जिसके बाद अगले दिन फिर से जांच की प्रक्रिया शुरू की गई। रायपुर से विशेषज्ञों की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

ग्राम समोदा के सरपंच अरुण गौतम ने आरोप लगाया है कि यह जमीन भाजपा किसान मोर्चा के नेता विनायक ताम्रकर और बृजेश ताम्रकर से जुड़ी है और लंबे समय से यहां अफीम की खेती की जा रही थी। उनका दावा है कि पुलिस को सूचना देने वाले पंच के साथ भी मारपीट की गई है।

वहीं भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष विनायक ताम्रकर ने आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि खेत अधिया पर खेती के लिए दिया गया था और उन्हें अफीम की खेती की कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस ने मामले में नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी है और जमीन के असली मालिक तथा खेती करने वालों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष विनायक ताम्रकर को पार्टी से निलंबित कर दिया है।

Related Articles

Back to top button