ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ऑपरेशन सिन्दूर भारत की शक्ति और वैश्विक नेतृत्व क्षमता का प्रतीक: मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि ऑपरेशन सिन्दूर केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि भारत की ताकत, संकल्प और वैश्विक नेतृत्व क्षमता का सजीव प्रमाण है। वे आज विधानसभा में ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने समस्त छत्तीसगढ़वासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस साहसिक मिशन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता को इस ऑपरेशन पर गर्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर ने यह सिद्ध कर दिया कि भारत अब ऐसा राष्ट्र है, जो अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी सीमा तक जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के कुशल नेतृत्व, स्पष्ट निर्देश और व्यक्तिगत निगरानी के कारण ही यह मिशन समयबद्ध और सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर ने वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को साकार किया है। भारत ने बार-बार यह दिखाया है कि वह वैश्विक संकटों में मूक दर्शक नहीं, बल्कि सक्रिय संकट-निवारक राष्ट्र है। ऑपरेशन गंगा, ऑपरेशन कावेरी, ऑपरेशन देवी शक्ति के बाद ऑपरेशन सिन्दूर इस दृष्टि का नया उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने पहलगाम घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस हमले में छत्तीसगढ़ के स्वर्गीय दिनेश मिरानिया की शहादत ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। आतंकियों ने उन्हें इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वे नहीं चाहते थे कि जम्मू-कश्मीर में अन्य राज्यों के लोग स्वतंत्र रूप से आ-जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत शांति चाहता है, लेकिन संप्रभुता पर कोई हमला बर्दाश्त नहीं करेगा। ऑपरेशन सिन्दूर के जरिए भारत ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि वह आतंकवाद को शह देने वाले देशों को बेनकाब करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन केवल आतंकवाद के खिलाफ नहीं, बल्कि नारी सम्मान और शक्ति का भी प्रतीक है। यह मातृशक्ति को समर्पित एक ऐतिहासिक सैन्य-संकल्प है, जिसने 140 करोड़ देशवासियों को गर्व से भर दिया है।

Related Articles

Back to top button