ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ऑपरेशन “निश्चय”: 5 जिलों में एक्शन, नशीली सामग्री-हथियार बरामद

रायपुर।  रायपुर रेंज में पुलिस ने ऑपरेशन “निश्चय” के तहत 4 और 5 अप्रैल को बड़ा संयुक्त अभियान चलाकर अपराधियों पर शिकंजा कसा। बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद और रायपुर ग्रामीण जिलों में 95 टीमों ने एक साथ 384 रेड, दबिश और चेकिंग की कार्रवाई की। इस दौरान अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार और फरार वारंटियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत आबकारी एक्ट में 126 प्रकरण दर्ज कर 126 आरोपियों पर कार्रवाई की गई। शराब से जुड़े मामलों में कुल 802.436 लीटर शराब और 597 पौवा जब्त किए गए। वहीं नारकोटिक्स/एनडीपीएस एक्ट के 22 मामलों में 21.945 किलोग्राम मादक पदार्थ और 60 टैबलेट बरामद किए गए, जो अभियान की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत 6 प्रकरण दर्ज कर 2 पिस्टल जब्त किए। इसके अलावा विभिन्न प्रतिबंधात्मक धाराओं में 174 कार्रवाई की गईं। वारंट तामील अभियान के दौरान 31 गिरफ्तारी वारंट, 14 स्थायी वारंट और 1 जमानती वारंट सहित कुल 46 वारंट तामील किए गए।

जिला स्तर पर भी पुलिस ने सघन कार्रवाई की। बलौदाबाजार-भाटापारा में 13 एनडीपीएस मामलों में 5.6 किलो मादक पदार्थ जब्त किया गया। गरियाबंद में 119 रेड के दौरान 158 लीटर शराब जब्त हुई। धमतरी में 150 स्थानों पर दबिश देकर 3.9 किलो मादक पदार्थ पकड़ा गया। महासमुंद में 10.5 किलो मादक पदार्थ और 357 लीटर शराब बरामद की गई, जबकि रायपुर ग्रामीण में 1.8 किलो गांजा और 597 पौवा शराब जब्त की गई।

इसके अलावा सट्टा-जुआ एक्ट के 2 मामलों में 7 लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर 6,230 रुपए जब्त किए गए। अन्य 4 आपराधिक मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन “निश्चय” के जरिए असामाजिक तत्वों, तस्करों और वारंटियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Related Articles

Back to top button