रायपुर। राष्ट्रीय रिमोट सेंसिंग दिवस (12 अगस्त) के अवसर पर इंडिया स्पेस लैब की ओर से “रिमोट सेंसिंग एंड जीआईएस फॉर डिजास्टर मैनेजमेंट” विषय पर ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं, सरकारी अधिकारियों और आपदा प्रबंधन से जुड़े हितधारकों को जियोस्पेशियल तकनीकों की जानकारी देना तथा आपदा प्रबंधन में इनके प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करना है।
कार्यशाला में विशेषज्ञ रिमोट सेंसिंग, जियोग्राफिक इन्फॉर्मेशन सिस्टम (GIS), अर्थ ऑब्जर्वेशन टेक्नोलॉजी, जियो-एआई (GeoAI), ड्रोन मैपिंग और मशीन लर्निंग आधारित तकनीकों पर व्याख्यान देंगे। इसके अलावा आपदा प्रबंधन से जुड़े वास्तविक केस स्टडी के माध्यम से आधुनिक तकनीकों के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, कार्यशाला में शामिल होने के लिए 30 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन कराया जा सकता है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को ई-प्रमाण पत्र (E-Certificate) प्रदान किया जाएगा।
इस पहल को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ के सभी स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों, राज्य एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों, शासकीय विभागों, स्वायत्त संस्थाओं तथा शोध एवं प्रशिक्षण संस्थानों से कार्यशाला की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रसारित करने की अपील की गई है।
आयोजकों ने विभागीय वेबसाइटों, सूचना पट्टों, समाचार पत्रिकाओं और अन्य संचार माध्यमों के जरिए भी इसका प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया है।
आयोजकों का मानना है कि इस कार्यशाला से विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं में वैज्ञानिक सोच विकसित होगी, वहीं जियोस्पेशियल शिक्षा, आपदा जोखिम न्यूनीकरण और आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
इच्छुक प्रतिभागी 30 जुलाई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर इस कार्यशाला का हिस्सा बन सकते हैं।
