हिमाचल से चल रहा था ऑनलाइन सट्टा, 16 आरोपी गिरफ्तार

इंस्टाग्राम पर नौकरी का झांसा देकर IPL में लगवाते थे पैसा; छत्तीसगढ़ के 3 युवक भी शामिल
बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह हिमाचल प्रदेश से संचालित हो रहा था और देशभर में युवाओं को जोड़कर आईपीएल मैचों में सट्टा खिलवा रहा था। पुलिस ने इस मामले में कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें छत्तीसगढ़ के 3 युवक भी शामिल हैं।
मामला भाटापारा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास अजय बत्रा नाम के युवक को संदिग्ध हालत में पकड़ा। उसके मोबाइल की जांच करने पर ऑनलाइन सट्टे का हिसाब-किताब और स्क्रीनशॉट मिले। इसके बाद तकनीकी जांच में एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि आरोपी ‘RUVIBET’ नाम की पैनल आईडी और विभिन्न ब्रांच लिंक के जरिए देशभर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। यह नेटवर्क महादेव सट्टा की तर्ज पर काम कर रहा था और सोशल मीडिया के जरिए तेजी से फैल रहा था।
पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू में दबिश दी। वहां एक किराए के मकान से कई आरोपी लैपटॉप, मोबाइल और आईपैड के जरिए सट्टा ऑपरेट करते हुए पकड़े गए। मौके से 7 लैपटॉप, 2 आईपैड, 48 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड और 30 से अधिक बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी इंस्टाग्राम पर फर्जी जॉब विज्ञापन डालकर युवाओं को जोड़ते थे। “वर्क फ्रॉम होम” के नाम पर उन्हें झांसे में लेकर सट्टा नेटवर्क से जोड़ दिया जाता था और फिर आईपीएल मैचों में पैसा लगवाया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और नेपाल के लोग शामिल हैं। पुलिस ने सभी को कोर्ट में पेश कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नेटवर्क की फंडिंग, बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य कड़ियों को खंगाला जा रहा है।





