महाराष्ट्र के पालघर में केमिकल फैक्ट्री ब्लास्ट, एक मजदूर की मौत और चार घायल

दिल्ली। महाराष्ट्र के पालघर जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिले की लिंबानी साल्ट इंडस्ट्रीज नामक केमिकल फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। हादसा शाम करीब 7:30 बजे उस समय हुआ, जब फैक्ट्री में धातु और एसिड को मिलाया जा रहा था।
पालघर जिला आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि यह प्रक्रिया अत्यधिक रिएक्टिव थी, जिसके कारण अचानक विस्फोट हो गया। हादसे के वक्त फैक्ट्री में पांच मजदूर मौजूद थे। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य चार गंभीर रूप से झुलस गए।
घायलों को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दो मजदूरों की स्थिति फिलहाल स्थिर है, जबकि अन्य दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल, आपदा प्रबंधन कर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। फैक्ट्री के अंदर बचाव अभियान चलाया गया और आग लगने से पहले स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
स्थानीय पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधन से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच टीम को बुलाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा।