देश - विदेशStateNews

कांग्रेस और KRPP समर्थकों की झड़प में एक की मौत

कर्नाटक। कर्नाटक के बल्लारी जिले में गुरुवार शाम कांग्रेस और कल्याण राज्य प्रगति पक्ष (KRPP) के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब कांग्रेस कार्यकर्ता वाल्मीकि प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम से पहले बैनर लगाने गए थे। कार्यक्रम शुक्रवार को होना था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, KRPP विधायक जनार्दन रेड्डी और कांग्रेस विधायक भरत रेड्डी के समर्थकों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो पथराव और हंगामे में बदल गई। इस दौरान गोली चलने की आवाजें भी सुनी गईं। बताया गया कि भरत रेड्डी के कुछ समर्थक जनार्दन रेड्डी के घर के सामने बैनर लगाने की कोशिश कर रहे थे, जिस पर KRPP समर्थकों ने आपत्ति जताई। विवाद तेजी से बढ़ा और हिंसक रूप ले लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक भरत रेड्डी के करीबी सतीश रेड्डी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उनके एक गनमैन ने हवा में दो राउंड फायर किए। इस झड़प में मृतक की पहचान राजशेखर के रूप में हुई, जो कांग्रेस समर्थक बताया जा रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने जनार्दन रेड्डी के घर के पास बड़े जमावड़े को रोकने के लिए सक्रिय कदम उठाए। पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी और तनाव को कम करने के लिए अतिरिक्त जवान तैनात किए गए। दोनों पक्षों के लोगों से शांति बनाए रखने का आग्रह किया गया।

प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की बात कही है। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि मामले में गिरफ्तारियां की जा सकती हैं और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button