वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर राज्यभर में द्वितीय चरण के कार्यक्रम 19 से 26 जनवरी तक

रायपुर। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा राज्यभर में चार चरणों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में द्वितीय चरण के कार्यक्रम 19 से 26 जनवरी 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रगीत के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को सुदृढ़ करना और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है।
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को रायपुर में राज्यपाल तथा जगदलपुर में मुख्यमंत्री के आतिथ्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके साथ ही राज्य के सभी जिला मुख्यालयों, विकासखंड मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों, शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों और महाविद्यालयों में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के पश्चात सामूहिक वंदे मातरम् गायन किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
द्वितीय चरण के दौरान 19 से 26 जनवरी तक शैक्षणिक संस्थानों में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड की सक्रिय सहभागिता से वंदे मातरम् पर आधारित संगीतमय प्रस्तुतियाँ, विशेष सभाएँ तथा निबंध, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण, रंगोली, चित्रकला और प्रदर्शनी जैसी रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित होंगी। वहीं राज्य पुलिस बैंड द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर वंदे मातरम् एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।
सार्वजनिक और निजी सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहाँ नागरिक अपनी आवाज में वंदे मातरम् का गायन रिकॉर्ड कर अभियान के पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। पोर्टल पर पूर्व रिकॉर्डेड धुन के साथ गायन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण का आयोजन 7 से 14 नवंबर 2025 को सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। तृतीय चरण 7 से 15 अगस्त 2026 को हर घर तिरंगा अभियान के साथ तथा चतुर्थ चरण 1 से 7 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार, संस्कृति मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ग्राम पंचायत से राज्य स्तर तक व्यापक जनभागीदारी के साथ यह आयोजन राष्ट्रभक्ति का सशक्त संदेश देगा।





