ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मदर्स डे पर महिला बंदिनियों को मिला वीडियो कॉलिंग सिस्टम का तोहफा, परिवार से कर सकेंगी बात

रायपुर। रायपुर की महिला जेल में मदर्स डे के अवसर पर बंदिनियों को बड़ी सौगात मिली। शनिवार को महिला जेल में “प्रिजन इनमेट वीडियो कॉलिंग सिस्टम” की शुरुआत की गई। अब महिला बंदिनी वीडियो कॉल के जरिए अपने परिवार और अधिवक्ताओं से सीधे बातचीत कर सकेंगी।

यह पहल उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की घोषणा के अनुरूप शुरू की गई है। कार्यक्रम का आयोजन 10 मई 2026 को महिला जेल परिसर में किया गया। जेल विभाग और BSNL के बीच हुए एमओयू के तहत इस सिस्टम को स्थापित किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक इससे बंदिनियों को मानसिक संबल मिलेगा और वे अपने परिजनों से नियमित संपर्क में रह सकेंगी।

कार्यक्रम के दौरान “निश्चय” कार्यक्रम के अंतर्गत कौशल प्रशिक्षण प्राप्त 38 महिला बंदिनियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बंदिनियों ने सिलाई, हस्तशिल्प और अन्य स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण हासिल किया है। अधिकारियों ने कहा कि इन प्रशिक्षणों का उद्देश्य बंदिनियों को आत्मनिर्भर बनाना और जेल से बाहर आने के बाद उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

मदर्स डे के मौके पर जेल में अपनी माताओं के साथ रह रहे 14 बच्चों को भी जेल विभाग की ओर से उपहार वितरित किए गए। बच्चों के लिए विशेष रूप से मिठाई, खिलौने और जरूरी सामग्री दी गई। इस दौरान जेल परिसर में भावुक माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में डीजी जेल हिमांशु गुप्ता, जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, बीएसएनएल के विजय छबलानी, महिला जेल प्रभारी गरिमा पांडेय समेत जेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और महिला बंदिनियां मौजूद रहीं। अधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश की अन्य जेलों में भी इस तरह की सुविधाएं शुरू की जाएंगी।

Related Articles

Back to top button