ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ में ‘‘हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम, तीन चरणों में होगा आयोजन

रायपुर। देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 2 से 15 अगस्त तक ‘‘हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान ‘‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’’ थीम पर आधारित होगा, जिसमें राष्ट्रभक्ति के साथ स्वच्छता और जल संरक्षण को भी जोड़ा गया है।

कार्यक्रम को तीन चरणों में विभाजित किया गया है प्रथम चरण (2-8 अगस्त) में स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा आर्ट से सजाया जाएगा। रंगोली प्रतियोगिताएं, पत्र लेखन, तिरंगा राखी निर्माण, और तीन रंगों से तिरंगे की बुनाई जैसी गतिविधियां होंगी। द्वितीय चरण (9-12 अगस्त) में तिरंगा मेला, तिरंगा कंसर्ट, रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। तृतीय चरण (13-15 अगस्त) में सरकारी भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, पुलों और अन्य स्थलों पर तिरंगा फहराया जाएगा, साथ ही स्वच्छता व जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी होंगी।

अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए पंपलेट्स, बैनर और सोशल मीडिया का उपयोग किया जाएगा। सभी सरकारी व निजी संस्थानों, सार्वजनिक उपक्रमों, सामाजिक संगठनों और सीएसआर भागीदारों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ग्राम पंचायतों में तिरंगे की बिक्री के लिए केंद्र बनाए जाएंगे, वहीं डाकघर और उचित मूल्य की दुकानें वितरण केंद्र के रूप में कार्य करेंगी। संस्कृति विभाग द्वारा सभी कलेक्टरों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और कार्यक्रम की समस्त गतिविधियों को वेबसाइट www.harghartiranga.com से जोड़ा जाएगा, ताकि आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button